लखनऊ अबूधाबी से दिल्ली जा रहे एक विमान को बहुत देर हवा में चक्कर काटने के बाद भी लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। विमान का ईंधन खत्म होने लगा तो उसे लखनऊ डाइवर्ट कर दिया गया। यहां पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
लखनऊ से विमान दिल्ली रवाना हुआ
दिल्ली में एयर ट्राफिक सामान्य होने के बाद लखनऊ से विमान दिल्ली रवाना हुआ। इतिहाद एयरवेज का विमान ईवाइ-210 बुधवार को अबूधाबी से दिल्ली जा रहा था। दिल्ली एयरपोर्ट पर एक साथ कई विमानों के पहुंचने के कारण यह विमान वहां पहुंचकर हवा में चक्कर लगाता रहा।
विमान का ईंधन समाप्त होने लगा
बहुत देर तक विमान को उतरने की अनुमति दिल्ली एटीसी ने नहीं दी। इस बीच विमान का ईंधन समाप्त होने लगा। पायलट ने तुरंत लखनऊ एटीसी से संपर्क किया। एटीसी से अनुमति मिलते ही विमान की लैंडिंग लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शाम 4:08 बजे कराई गई। लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद विमान में ईंधन भरा गया। दिल्ली में यातायात सामान्य होने के बाद लखनऊ से विमान रवाना हुआ।